पृष्ठ

अनुमति जरूरी है

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लोग से कोई भी पोस्ट कहीं ना लगाई जाये और ना ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जाये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

मंगलवार, 21 मार्च 2017

रचनी हैं अब साजिशें

रचनी हैं अब साजिशें
स्वप्न तो बहुत देख दिखा चुके
ये वक्त का बदला लहजा है
जिस पर इंसानियत तलवों का उपालम्भ है
और साजिश एक आदतन शिकारी

चौतरफा बहती बयार में
जरूरी है बह जाना
जिंदा रहना जरूरत जो ठहरी आज की
हकीकतों के चिंघाड़ते जंगल
दे रहे हैं दलीलें
वक्त अपनी नब्ज़ बदल चुका है
तुम कब बदलोगे ?

आदर्शों उसूलों के धराशायी होते महल
कबीलों में बदलते जल जंगल और जमीन
ऊँची दुकान फीके पकवान समान
अब नहीं करते जिरह ...
हकीकतें दुरूह हुआ करती हैं
जानते हैं वो ....

सीख सको तो सीख लेना
स्वप्नों से बगावत करना
और साजिशों से दोस्ती करना
कि
ये समय की सबसे बड़ी साजिश है
कोई अठखेली नहीं ...
बदलाव के कबूतरों ने मुंडेरों पर उतरना छोड़ दिया है

साजिशें स्वप्नों का हिस्सा हों
या स्वप्न साजिश का
हलाक तुम्हें ही होना है अंततः ...
कहो अब किस ओर का साक्षी है तुम्हारा जमीर ?


क्योंकि
हर मुस्कराहट का अर्थ अलग हुआ करता है .........जानते हो न

बुधवार, 8 मार्च 2017

अघायी औरतें

मर्दों के शहर की अघायी औरतें 
जब उतारू हो जाती हैं विद्रोह पर 
तो कर देती हैं तार तार 
सारी लज्जा की बेड़ियों को 
उतार देती हैं लिबास हया का 
जो ओढ़ रखा था बरसों से सदियों ने 
और अनावृत हो जाता है सत्य 
जो घुट रहा होता है औरत की जंघा और सीने में 


अघायी औरतों के तिलिस्म 
यूँ ही नहीं टूटा करते हैं 
परिपक्व होने में बरसों 
मिटटी में ज़मींदोज़ होना पड़ता है 
फिर काटने और तराशने की प्रक्रिया से 
गुजरना पड़ता है 
तब कहीं जाकर अघायी औरत का 
स्वरुप निखरता है 
तब जाकर वो अपने तिलिस्म के 
भेदों को अनावरित करती है 
तब जाकर वो अपनी 
बुनियादों से निकलती है 
और करती है बेनकाब मर्दों के शहरों को 
करती है ध्वस्त बरसों से बनाये गए 
मर्दों के अहम् के किलों को 
जब होती है वो भी संलग्न 
मर्दों की बनायीं दुनिया के रिवाजों में 


अघायी औरत बनने के सफ़र में 
आते हैं जाने कितने जलज़ले 
सिल बनी बट्टे के मार में 
पिसती रहती हैं उसकी संवेदनाएं 
फिर चाहे चोट धड के निचले हिस्से पर हो 
या ऊपरी हिस्से पर 
आघात शारीरिक हो या मानसिक 
सहनशीलता के रक्त की अन्तिम बूँद तक 
करती है कोशिश 
मर्द के शहर की 
ईंट ईंट को जोड़े रखने की 
उसे स्थायित्व प्रदान करने की 
मगर जब मर्द की संवेदनहीनता का पाँव 
अंगद सा औरत के स्वाभिमान को ललकारता है 
उसे नेस्तनाबूद करने को लालायित होता है 
तब अघायी औरत उतार देती हैं खोल 
सदियों से ओढ़ी सभ्यताओं का 
कर देती हैं खुद को निर्वस्त्र 
उतार देती है लिबास 
मर्द और औरत के बेजान रिश्ते से 
खोल लेती है बाल तब तक 
जब तक न मर्दों के शहर पर 
बिजली बन न गिरती है ये 
जब खोलने लगती है उसके 
अतिक्रमण के पेंचों को कि
कैसे अमानवीयता चरम को छूती गयी 
जब उसने लड़की से औरत के सफ़र को तय किया था 
फिर चाहे उसका शारीरिक दोहन हुआ हो 
मानो बिछी है धरा चटाई सी 
और हल की फाँक उसकी अस्मिता पर गाड़ी हो 
और बो दिया गया हो बीज उसकी कोख में 
बिना सींचे , सहेजे , सहलाए 
फिर भी तिरस्कार , उपेक्षा की 
शिकार होती रही हो मानसिक शोषण के साथ 

आखिर कब तक ? 
कब तक स्वयं का दोहन होने दे 
कब तक मर्द के शहर की 
बेजुबान मिटटी बन धूल धूसरित होती रहे 
और जब हो जाती है 
दोहन और शोषण की पराकाष्ठा 
और सहने की अति कर देती है अतिक्रमण 
हर सीमा रेखा का 
तब 
अघायी औरतों का हल्ला, कानफ़ोडू शोर
कर देता है भंग शांति 
मर्दों के शहर के गली- कूचों की 

आखिर ये बोली कैसे ? 
कहाँ से सीखी जुबान ?
किसने दिया इसे कलम रुपी हथियार ? 
कैसे आया इसकी वाणी में व्यभिचार ?
कैसे छोड़ दी इसने अपनी मर्यादा ?
कैसे लांघ दी इसने लक्ष्मण रेखा ?
कैसे खोल रही है ये भेद 
ना केवल मर्द के शहर के 
बल्कि उसके गुप्त रास्तों पर भी 
कर रही है प्रहार 
कभी वाणी द्वारा तो कभी लेखन द्वारा 
कहाँ से पनपा इतना विद्रोह 
जो मर्द के शहर की दीवारें भरभराने लगीं 
आखिर कैसे ये इतनी उच्छ्रंखल हुयी 
जो मर्द के बिस्तर की 
सलवटें भी खोलने लगी 
वो बिस्तर जिसे वो जैसे चाहे जब चाहे 
अपनी सुविधानुसार 
ओढ़ा , बिछाया , लपेटा 
या तोडा मरोड़ा करता था 
मगर बिस्तर की सलवट के माथे पर 
ना कोई ख़म पड़ता था 
और मर्द अपने शहर का 
एकछत्र बादशाह बन 
जिसे चाहे जब चाहे 
अपने हरम की जीनत बना लिया करता था 
कैसे बर्दाश्त हो सकता था 
अघायी औरत का गुप्तांग पर वार 
जब खोलने शुरू कर दिए 
उसने मर्द के हरम के 
किवाड़ पर किवाड़ 
होने लगी मुखर 
बन गयी वाचाल 
और कह उठी वो भी 
उस किसी एक को , जो अपना सा लगा हो 
जिसमे पाया होता है 
उसने अपना स्वर्णिम संसार 
तब कह उठती है 
उसकी शोखी बेबाकी से 
काश वो मर्द तुम होते 
जिसके लिए कौड़ी में भी मैं बिक जाती 
तो भी आरती का दीया ही कहलाती 
काश तुम पहले मेरे जीवन में आये होते 
तो सम्पूर्णता पाने को 
इधर उधर न भटक रहे होते 
एक सम्पूर्ण मर्द से एक सम्पूर्ण औरत तब गुजरी होती 
कायनात के ज़र्रे ज़र्रे पर उस मोहब्बत की दास्ताँ उभरी होती 
देह की रश्मियाँ भी निखरी होतीं 
रूह की बेचैनी भी मोहब्बत के जलाशय में भीगी होती 
तो आज ना कोई अघायी औरत होती 


उफ़ ! आखिर किसने दिया 
अघायी औरत को ये अधिकार 
जो हो जाए तो इतनी मुखर 
इतनी वाचाल 
स्त्री पुरुष अन्तरंग संबंधों पर 
चलने लगी हो जिसकी कलम 
कैसे उसे होने दिया जाए इतना बेबाक 
कैसे उतारने दिया जाए उसे 
लज्जा के घूंघट को 
जो कर दे निर्वस्त्र 
मर्दों की पूरी सभ्यता को 
और होने लगते हैं 
उस पर तुषारापात 
बेमौसम गिराई जाती हैं 
उसकी मान मर्यादा और अस्मिता पर 
शब्दबाण रुपी बिजलियाँ 
काटने होते हैं 
अघायी औरत की 
सोच की उड़ान के पंख 
ताकि मर्द के शहर की 
निर्वस्त्र सभ्यता न हो जाए और निर्वस्त्र 
कुल्टा , कुलच्छिनी 
ख्याति पाने को आतुर 
होती हैं अघायी औरतें 
नवाजी जाती हैं इन विशेषणों से 
संज्ञा और सर्वनाम से परे 
विशेष विशेषणों से सुसज्जित 
अघायी औरतें बेपरवाह 
आखिर बना ही लेती हैं 
अपना एक शहर 
"अघायी औरतों का शहर " 
स्वतंत्रता , उन्मुक्तता , बेबाकी का शहर 
आज़ादी की सांस का शहर 
कुछ पल अपने साथ जीने का शहर 
हँसी की खिलखिलाहट का शहर 
और जब बसा लेती हैं 
शहर को खिलखिलाहट से 
तब उनके हौसले 
उनके जज्बे 
उनके साहस के आगे 
नतमस्तक हो जाता है 
मर्दों का शहर 
और स्वीकार कर ही लेता है उपादेयता अघायी औरतों की 
पूरे मनोयोग के साथ 
बस जरूरत होती है 
तो सिर्फ इतनी 
कि 
अघायी औरत पहला पत्थर अपने हाथ में उठा ले ………


बुधवार, 1 मार्च 2017

अंतिम विकल्प ...

मुझे दस्तकों से ऐतराज नहीं
यहाँ अपनी कोई आवाज़ नहीं
ये किस दौर में जीते हैं
जहाँ आज़ादी का कोई हिसाब नहीं

चलो ओढ़ लें नकाब
चलो बाँध लें जुबान
कि
ये दौर-ए-बेहिसाब है
यहाँ कोई किसी का खैरख्वाह नहीं

दांत अमृतांजन से मांजो या कोलगेट से
साँसों पे लगे पहरों पर
तुम्हारा कोई अख्तियार नहीं

आज के दर का यही है बस एकमात्र गणित
मूक होना ही है निर्विकल्प समाधि का प्रतीक
तो
शोर देशद्रोह है, राष्ट्रद्रोह है
हाथ ताली के लिए
मुँह खाने के लिए
सिर झुकाने के लिए
इससे आगे कोई रेखा लांघना नहीं
कि
सीमा रेखा के पार सीता का निष्कासन ही है अंतिम विकल्प ...